नैनीताल – खाई में गिरे डंपर से एसडीआरएफ ने चालक को निकाला
नैनीताल। जनपद के बेतालघाट क्षेत्र अंतर्गत भुजांग के पास देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक डंपर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक वाहन के भीतर फंस गया, जिसे एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात्रि लगभग 23:43 बजे जिला नियंत्रण कक्ष नैनीताल एवं जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एसडीआरएफ को सूचना दी गई कि भुजांग क्षेत्र में एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसमें एक व्यक्ति फंसा हुआ है।
सूचना मिलते ही पोस्ट खैरना से इंस्पेक्टर राम सिंह बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने हालात का जायजा लिया और बिना देरी किए खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर (वाहन संख्या UK 12 CA 0585) में फंसे चालक को घायल अवस्था में बाहर निकाला। इसके बाद स्ट्रेचर और रोप की सहायता से अत्यंत कठिन परिस्थितियों में घायल को मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया, जहां पहले से मौजूद एंबुलेंस के माध्यम से उसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।
हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान जगत बोहरा पुत्र प्रताप सिंह (उम्र 45 वर्ष) निवासी सोन गांव (बस गांव), बेतालघाट, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। फिलहाल घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।
एसडीआरएफ की तत्परता और कुशल रेस्क्यू ऑपरेशन से अनहोनी टल गई

