भारत – नेपाल सीमा पर तस्करी की साजिश नाकाम – एसएसबी ने 118 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ नेपाली तस्कर दबोचा

Spread the love

भारत – नेपाल सीमा पर तस्करी की साजिश नाकाम – एसएसबी ने 118 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ नेपाली तस्कर दबोचा

भारत-नेपाल सीमा पर नशे के काले कारोबार को अंजाम देने की एक बड़ी साजिश को एसएसबी ने मुस्तैदी से ध्वस्त कर दिया। जवानों ने धनुष पुल के पास बंगाली बस्ती चौकी क्षेत्र में रात की गश्त के दौरान एक संदिग्ध नेपाली नागरिक को दबोचते हुए उसके कब्जे से 118 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए। कार्रवाई इतनी सटीक और तेज रही कि आरोपी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
एसएसबी टीम ने केनाल कॉलोनी की ओर से आ रहे संदिग्ध को रोककर सख्ती से तलाशी ली, जिसमें प्रतिबंधित इंजेक्शनों की खेप मिलने पर जवानों ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान घनश्याम (35) निवासी महेंद्रनगर, जिला कंचनपुर, नेपाल के रूप में बताई। शुरुआती पूछताछ में ही आरोपी ने कबूल किया कि वह इंजेक्शन भारत से खरीदकर नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों की सतर्कता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि तस्करों की हर चाल पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एसएसबी ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी और बरामद माल को बनबसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *