SSP की सख्त कार्रवाई-दुष्कर्म मामले में आरोपी को लाभ पहुंचाने का आरोप, महिला उपनिरीक्षक निलंबित

Spread the love

दुष्कर्म मामले में आरोपी को लाभ पहुंचाने का आरोप, महिला उपनिरीक्षक निलंबित

एसएसपी नैनीताल की सख्त कार्रवाई,
लालकुआं।
उत्तराखंड पुलिस में महिला अपराध से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने लालकुआं थाने में तैनात महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई दुष्कर्म के एक मामले की विवेचना के दौरान आरोपी को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोपों के बाद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2025 में लालकुआं थाने में एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक अंजू नेगी को सौंपी गई थी। आरोप है कि विवेचना के दौरान उन्होंने आरोपी भगवत सरण को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया, जिससे जांच की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
मामले की विभागीय स्तर पर कराई गई आंतरिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए महिला उपनिरीक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी किए।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस महिला सुरक्षा और महिला अपराध से जुड़े मामलों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या पक्षपात को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला अपराध से जुड़े मामलों में यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *