बेतालघाट में कम्बल वितरण के दौरान भगदड़, दीवार ढही — 6 घायल
बिना अनुमति आयोजित कार्यक्रम पर पुलिस सख्त, आयोजकों पर मुकदमा दर्ज, 6000 की भीड़ में अव्यवस्था
बेतालघाट, 16 फरवरी 2026। मिनी स्टेडियम बेतालघाट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कम्बल वितरण के समय अचानक भगदड़ मच गई, जिससे स्टेडियम की दीवार ढह गई और उसके नीचे दबकर छह लोग घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार “बाबा हेल्प देम फाउंडेशन” के संस्थापक शीलू कुमार एवं तारा भंडारी द्वारा “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” नामक कार्यक्रम बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में लगभग 6000 लोगों की भीड़ जुटी, लेकिन आयोजकों द्वारा भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्थित ढंग से कम्बल वितरण किए जाने से बड़ी संख्या में लोग एक ही स्थान पर एकत्र हो गए। भीड़ का दबाव बढ़ने पर स्टेडियम की दीवार अचानक ढह गई, जिससे छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया तथा घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक रक्षक दल अधिकारी कुन्दन कुमार की तहरीर के आधार पर थाना बेतालघाट में आयोजकों के विरुद्ध धारा 125(क)(ख)/190/292 बीएनएस तथा धारा 3(2) लोक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन और आयोजकों से अपील की है कि किसी भी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम से पहले प्रशासनिक अनुमति अवश्य लें तथा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

