कैंचीधाम विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
भवाली,
सांसद नैनीताल-उधमसिंहनगर एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शुक्रवार को भवाली बाईपास स्थित नव निर्मित पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 546.75 लाख रुपये की लागत से बने इस पुल का जायजा लेने के बाद उन्होंने कैंचीधाम बाईपास सहित क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कैंचीधाम में करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से बन रही बहुमंजिला वाहन पार्किंग और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। सांसद ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत हो रहे इन कार्यों से श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलेगी और भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भवाली-रातिघाट बाईपास बनने के बाद यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी, जिससे कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
अजय भट्ट ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना।
इसके उपरांत सांसद ने कैंचीधाम पहुंचकर बाबा नीम करौरी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
निरीक्षण कार्यक्रम से पूर्व चेयरमैन संजय वर्मा, भावना मेहरा, गोपाल रावत, शिवांशु जोशी, प्रकाश आर्या, हिमांशु बिष्ट, आशु चंदोला, अखिलेश सेमवाल, नीरज बिष्ट, शुभम कुमार, वैभव आनंद, धीरज तिवाड़ी, मदन मोहन सिंह कैड़ा, उपजिलाधिकारी मोनिका, ईई लोक निर्माण विभाग कृष्ण कुमार, रत्नेश सक्सेना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

