अंकिता भंडारी हत्याकांड- वायरल ऑडियो से बढ़ीं सुरेश राठौर की मुश्किलें,उर्मिला सनावर ने SIT को सौंपी क्लिप, बार-बार लिया गया दुष्यंत गौतम का नाम

Spread the love

अंकिता भंडारी हत्याकांड- वायरल ऑडियो से बढ़ीं सुरेश राठौर की मुश्किलें,उर्मिला सनावर ने SIT को सौंपी क्लिप, बार-बार लिया गया दुष्यंत गौतम का नाम
देहरादून
अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो के बाद गुरुवार को हरिद्वार में SIT एक बार फिर एक्ट्रेस उर्मिला सनावर से पूछताछ करेगी। इससे पहले बुधवार को उर्मिला से करीब छह घंटे तक पूछताछ की जा चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, उर्मिला सनावर ने SIT के सभी सवालों के जवाब दिए और अपने पास मौजूद ऑडियो क्लिप भी जांच टीम को सौंप दी है। यह ऑडियो क्लिप पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की मुश्किलें और बढ़ा सकती है।

6 घंटे चली पूछताछ, ऑडियो क्लिप सौंपी

करीब नौ दिनों तक पुलिस और SIT से दूरी बनाए रखने के बाद उर्मिला सनावर मंगलवार रात स्वामी दर्शन भारती के साथ देहरादून पहुंचीं। यहां डालनवाला और नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज तीन मामलों को लेकर उनसे पूछताछ की गई, जो लगभग छह घंटे तक चली।
पूछताछ के दौरान उर्मिला ने सुरेश राठौर के साथ हुई बातचीत की पूरी रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी। पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने पुलिस के सभी सवालों का संतोषजनक जवाब दिया और जांच में पूरा सहयोग किया।

पूछताछ के दौरान सामने आया नया ऑडियो

बुधवार को पूछताछ के दौरान सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच हुई बातचीत का एक और ऑडियो सामने आया। इस ऑडियो में सुरेश राठौर बातचीत के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम का नाम बार-बार लेते सुने जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, बातचीत से यह संकेत मिलते हैं कि सुरेश राठौर किसी मुद्दे को लेकर दुष्यंत गौतम से नाराज थे, जिस कारण उनका नाम बार-बार लिया गया।

वायरल ऑडियो के बाद फिर उठा CBI जांच का मुद्दा

सोशल मीडिया पर सामने आए ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीआईपी नाम का दावा किया गया, जिसके बाद प्रदेश में एक बार फिर CBI जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। हालांकि पूरा घटनाक्रम केवल उसी ऑडियो से शुरू हुआ, जो सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच की बातचीत का बताया जा रहा है।
अब उर्मिला के पुलिस के सामने आने के बाद जांच का फोकस पूरी तरह पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर आ गया है। SIT ने उनसे पूछताछ के लिए सवालों की लंबी सूची तैयार की है।
स्वामी दर्शन भारती का दावा: सुरेश राठौर ने बनाया दबाव
स्वामी दर्शन भारती, जो उर्मिला सनावर को देहरादून लेकर आए, ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उर्मिला उनसे मिलीं तो वह बेहद डरी हुई थीं। उन्होंने बताया कि उर्मिला का कहना था कि पूरे मामले के सूत्रधार पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर हैं और उन्हीं के दबाव में दुष्यंत कुमार गौतम का नाम लिया गया।

अचानक लापता हुई थीं उर्मिला सनावर

29 दिसंबर को उर्मिला सनावर फेसबुक लाइव के जरिए सामने आई थीं और उनके पास अहम सबूत होने का दावा किया था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई थीं। पुलिस ने सहारनपुर स्थित उनके घर पर नोटिस चस्पा किया था, जबकि उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा था।
मंगलवार सुबह उर्मिला एक बार फिर सोशल मीडिया पर सक्रिय हुईं और उत्तराखंड लौटकर जांच में सहयोग करने की बात कही।
स्वामी दर्शन भारती के हस्तक्षेप के बाद बदला फैसला
सूत्रों के अनुसार, उर्मिला सनावर का उत्तराखंड लौटने का निर्णय स्वामी दर्शन भारती के हस्तक्षेप के बाद हुआ। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी बातचीत की, जिसके बाद उर्मिला को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

क्या है अंकिता भंडारी मामला?

ऋषिकेश के एक रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी 18 सितंबर 2022 को लापता हो गई थीं। बाद में उनकी लाश नहर के पास मिली। इस मामले में रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और असिस्टेंट मैनेजर पर हत्या का आरोप है।
तत्कालीन डीजीपी अशोक कुमार ने बताया था कि अंकिता ने एक दोस्त से चैट में कहा था कि उस पर रिसॉर्ट के अतिथियों को ‘विशेष सेवाएं’ देने का दबाव बनाया जा रहा था। इस हत्या के बाद पूरे देश में भारी आक्रोश देखने को मिला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *