लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की आँचल दुग्धशाला में दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र का खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण कर यहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल में इंग्लैंड से आए प्रतिनिधि भी शामिल थे, जिन्होंने डेयरी की व्यवस्थाओं और दुग्ध प्रसंस्करण प्रणाली को करीब से समझा।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने प्रतिनिधिमंडल को संयंत्र की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संयंत्र में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए दुग्ध की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
एफएओ टीम ने संयंत्र की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की सराहना की। अधिकारियों ने टीम को संयंत्र की उत्पादन क्षमता, दुग्ध संग्रहण प्रणाली तथा किसानों से जुड़े सहकारी ढांचे के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इंग्लैंड से आए प्रतिनिधियों ने दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था और किसानों से जुड़े सहकारी मॉडल में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि यह मॉडल किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का भी प्रभावी माध्यम है। साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध उत्पादकों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर पशु आहार निर्माण शाला के सामान्य प्रबंधक राजेंद्र सिंह चौहान, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेन्द्र सिंह राणा, प्रभारी अभियंत्रण राजू दुम्का, प्रभारी गुणवत्ता नियंत्रण आर.सी. आर्या, प्रभारी एमआईएस कमलेश कुमार, हेमंत पाल, विपिन तिवारी और कमल गरवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

