तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की टक्कर में तीन युवक घायल
दो की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर
(ऊधम सिंह नगर)। बाजपुर क्षेत्र के तोता बैरिया गेट के पास तेज रफ्तार के चलते दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय विकास और 20 वर्षीय गौरव एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े।
इस दुर्घटना में 18 वर्षीय निखिल भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को बाजपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

