दर्दनाक अग्निकांड – गौशाला में आग लगने से 6 पशुओं की जलकर मौत – पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान
उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी तहसील अंतर्गत सिल्ला गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। गांव निवासी शैलेन्द्र की गौशाला में अचानक आग लग गई, जिसमें छह बेजुबान पशुओं की दर्दनाक मौत हो गई।
अग्निकांड में एक भैंस, तीन बैल, एक गाय और एक गाय का बछड़ा जलकर मर गए। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गौशाला में बंधे पशुओं को बाहर निकालने का कोई मौका नहीं मिल सका। इस घटना में गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
राजस्व उप निरीक्षक भेलाटिपरी ने बताया कि घटना सुबह करीब 08:40 बजे की है। आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पशु चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही नुकसान का आकलन कर प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

