पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा – 150 मीटर गहरी खाई में गिरी स्कूटी, एक की मौत, एक गंभीर घायल
जनपद पिथौरागढ़ की तेजम तहसील अंतर्गत बांसबगड़–गूटी मार्ग पर रविवार देर सायं एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान दुर्गा सिंह ने बताया कि रविवार देर सायं किशोर कुमार (25 वर्ष) पुत्र प्रेम राम एवं पूरन सिंह (29 वर्ष) पुत्र कुंवर सिंह बाजार का कार्य निपटाकर बांसबगड़ से गूटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बांसबगड़ से करीब एक किलोमीटर आगे स्कूटी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नाचनी थाना अध्यक्ष मंगल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई से शव को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेजम भेजा। सोमवार को मृतक किशोर कुमार का पोस्टमार्टम तेजम में किया जा रहा है।
वहीं गंभीर रूप से घायल पूरन सिंह को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

