27 जनवरी को मनाया जाएगा यूसीसी दिवस, एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में -जिलाधिकारी
हल्द्वानी, देश को एक समान अधिकार और एक समान कानून की दिशा में नई राह दिखाने वाली उत्तराखण्ड सरकार की ऐतिहासिक पहल समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 27 जनवरी 2026 को ‘यूसीसी दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जनपद स्तर पर यूसीसी दिवस का मुख्य कार्यक्रम एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जनपद के सभी विकास खण्डों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यूसीसी दिवस के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने नोडल अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का सफलतापूर्वक और समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि नैनीताल, रामनगर, कालाढूंगी, लालकुआं, बेतालघाट, भीमताल एवं ओखलकांडा में प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूप-रेखा एवं समन्वय सुनिश्चित करें।

