गलत फीडर का शटडाउन लेने से हादसा, 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया यूपीसीएल लाइनमैन
हल्द्वानी। लालडांठ रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ने गया यूपीसीएल का एक लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। गंभीर स्थिति में उसे तुरंत नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार विद्युत वितरण खंड ग्रामीण डिविजन में ठेकेदार के अधीन कार्यरत लाइनमैन सूरज तल्ली बमौरी स्थित अमरावती कॉलोनी में शिकायत मिलने पर मरम्मत कार्य के लिए पहुंचा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लाइनमैन ने कार्य से पहले गलत फीडर का शटडाउन ले लिया था। उसे टाउन-2 फीडर का शटडाउन लेना था, लेकिन उसने काठगोदाम बिजलीघर से जुड़े मुखानी फीडर का शटडाउन ले लिया। इसी वजह से लाइन में करंट प्रवाहित रहा और काम के दौरान वह बिजली की चपेट में आ गया।
प्रथम दृष्टया अनुमान है कि उसे करीब 11 हजार वोल्ट का करंट लगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता (ईई) ने जांच के आदेश दे दिए हैं और एसडीओ को पूरी घटना की जांच सौंपी गई है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल लाइनमैन की स्थिति स्थिर है और चिकित्सकीय निगरानी में उसका उपचार जारी है।

