उत्तराखंड बार काउंसिल चुनाव – 23 पदों के लिए 104 प्रत्याशी मैदान में, कल होगा मतदान
उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यीय पदों के लिए 17 फरवरी को होने वाले चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चुनाव में राज्यभर के लगभग साढ़े 14 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य के सभी जिला एवं सिविल न्यायालयों की बार एसोसिएशनों को मतदान केंद्र बनाया गया है।
शासन ने विभिन्न जिलों में तैनात एसडीएम और तहसीलदारों को मुख्य मतदान अधिकारी के रूप में सेवाएं देने की स्वीकृति दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं पूर्व न्यायाधीश रामऔतार सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन हेतु जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों के मतदान केंद्रों पर मतदान अधिकारियों की नियुक्ति करेंगे। चुनाव से पहले मतदाता सूची और अन्य आवश्यक सामग्री जिला मुख्यालयों को भेज दी गई है।
मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद सभी सीलबंद मतपत्र और आवश्यक दस्तावेज विशेष वाहकों के माध्यम से नैनीताल क्लब भेजे जाएंगे, जहां 20 फरवरी 2026 से मतगणना प्रारंभ होगी।
मतदान केंद्रों की व्यवस्था निर्देशों के अनुसार प्रत्येक 200 अधिवक्ताओं पर एक अलग मतदान केंद्र तथा कम से कम एक मतदान कक्ष अनिवार्य होगा। केंद्र के भीतर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और लेखन कार्य के लिए उपयुक्त टेबल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मोबाइल फोन प्रतिबंधित मतदाताओं की पहचान के लिए परिषद ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं को राज्य विधिज्ञ परिषद का परिचय पत्र, पंजीकरण प्रमाणपत्र, सीओपी प्रमाणपत्र या बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा जारी एआईबीई प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। मतदान केंद्र के 50 गज के दायरे में किसी भी प्रकार के चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध रहेगा तथा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाना वर्जित होगा; फोन बाहर ही जमा करना होगा।

