उत्तराखंड (बड़ी खबर ) शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा, हल्द्वानी के व्यक्ति से 37.85 लाख की साइबर ठगी

Spread the love

शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा, हल्द्वानी के व्यक्ति से 37.85 लाख की साइबर ठगी -फेसबुक लिंक से शुरू हुआ खेल, व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लाखों की ठगी -ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, साइबर पुलिस ने शुरू की जांच

हल्द्वानी। शहर में ऑनलाइन निवेश ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 37 लाख 85 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हल्द्वानी निवासी नृपेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, 2 नवंबर 2025 को उनकी फेसबुक आईडी पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके व्हाट्सएप पर ‘सिया वर्मा’ नाम की प्रोफाइल से संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताते हुए शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया और उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया।
ग्रुप में कथित तौर पर शेयर मार्केट से जुड़े टिप्स, मुनाफे के स्क्रीनशॉट और सफल निवेश के दावे दिखाए जाते थे, जिससे पीड़ित का विश्वास बढ़ गया। इसके बाद उन्हें एक मोबाइल एप डाउनलोड कर अलग-अलग बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से पैसे जमा कराने को कहा गया।
22 जनवरी से 6 फरवरी 2026 के बीच पीड़ित ने कुल 37.85 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। एप में लगातार मुनाफा दिखाया जाता रहा, लेकिन जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की तो और पैसे जमा करने की मांग की गई।
ठगी का शक होने पर पीड़ित ने 18 फरवरी को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित खातों व डिजिटल ट्रेल की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *