उत्तराखंड कल से शुरू होंगी हाईस्कूल-इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं, 2.15 लाख से अधिक छात्र छात्राएं परीक्षा में शामिल

Spread the love

कल से शुरू होंगी हाईस्कूल-इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं, 156 संवेदनशील व 6 अति संवेदनशील केंद्रों पर कड़ी निगरानी 2.15 लाख से अधिक छात्र छात्राएं परीक्षा में शामिल
देहरादून
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं कल यानी 21 फरवरी से प्रदेशभर में शुरू होने जा रही हैं। इस वर्ष करीब 2.15 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रदेशभर में कुल 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 156 केंद्र संवेदनशील और 6 केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। इन केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
संवेदनशील एवं अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा उड़नदस्ते लगातार निगरानी करेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-144 का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आपूर्ति, संग्रहण और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों और निरीक्षकों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *