उत्तराखंड पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज – लालकुआं और मुखानी में दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

उत्तराखंड पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज लालकुआं और मुखानी में दो तस्कर गिरफ्तार

नैनीताल जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
लालकुआं क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी/लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान गोला गेट हल्दुचौड़ के पास इरफान खान पुत्र चांद मियां निवासी वार्ड नंबर-1 नई बस्ती लालकुआं को गिरफ्तार किया। उसके पास से प्लास्टिक के कट्टे में भरे 95 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शंकर नयाल, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल कुबेर राणा शामिल रहे।
वहीं दूसरी ओर मुखानी क्षेत्र में भी पुलिस ने तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक अभियुक्त को धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल व सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान विकास कुमार पुत्र इंद्रलाल को 192 टेट्रा पैक माल्टा मसालेदार देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, कांस्टेबल रविंद्र खाति और कांस्टेबल कैलाश चंद शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “ड्रग-फ्री देवभूमि” मिशन को सफल बनाने के लिए जनपद में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *