उत्तराखंड (रफ्तार बनी काल) स्कूल बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत
चमोली जिले के गोपेश्वर–चमोली मोटर मार्ग पर मंगलवार को एक और सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ग्वीलो बैंड के पास क्राइस्ट एकेडमी की स्कूल बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल बस (यूके 11 पी 0203) तेज रफ्तार में थी, तभी उसने स्कूटी (यूके 11 बी 0765) को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान मंजू देवी के रूप में हुई है। पति भरत सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी स्कूटी से गोपेश्वर जा रही थीं, तभी ग्वीलो बैंड के पास बस ने टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

