उत्तराखंड वर्दी खरीद घोटाला – ‘Singer in Khaki’ DIG सस्पेंड, ₹1 करोड़ का सामान ₹3 करोड़ में खरीदा
देहरादून।
उत्तराखंड में होमगार्ड जवानों की वर्दी खरीद में कथित बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब ₹1 करोड़ मूल्य की वर्दी सामग्री को ₹3 करोड़ में खरीदकर भुगतान किया गया। मामले में निदेशक होमगार्ड एवं डिप्टी कमांडेंट जनरल अमिताभ श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कैसे खुला मामला
घोटाले का खुलासा तब हुआ जब 2025-26 के लिए भी लगभग उन्हीं बढ़ी हुई दरों पर नया टेंडर जारी किया गया। इस पर कमांडेंट जनरल पीवीके प्रसाद ने संदेह जताते हुए टेंडर निरस्त किया और पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी।
तीन गुना तक बढ़ाए गए दाम
जांच में सामने आया कि वर्दी सामग्री के दाम बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दर्शाए गए—
₹500 के जूते → ₹1500
₹130 का डंडा → ₹375
₹1200 की पैंट-शर्ट → ₹3000
₹500 की जैकेट → ₹1580
इन्हीं दरों के आधार पर भुगतान किए जाने का आरोप है, जिसे वित्तीय अनियमितता माना गया है।
ठेकेदार से मिलीभगत के आरोप
प्रारंभिक जांच में आरोप है कि अमिताभ श्रीवास्तव ने टेंडर प्रक्रिया में शामिल ठेकेदार से मिलीभगत कर बाजार भाव से लगभग तीन गुना अधिक कीमत पर सामग्री की खरीद कराई।
सीएम का सख्त एक्शन
रिपोर्ट सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने—
अमिताभ श्रीवास्तव को निलंबित किया
पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए
सोशल मीडिया पर ‘Singer in Khaki’
अमिताभ श्रीवास्तव सोशल मीडिया पर भी चर्चित रहे हैं। इंस्टाग्राम पर उनका अकाउंट ‘Singer in Khaki’ नाम से है, जहां वे गाना गाते वीडियो साझा करते रहे हैं। अब यही पहचान निलंबन के बाद सुर्खियों में है।

