उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में फिर बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार – आज नैनीताल जिले में मौसम शुष्क रहने की सम्भावना

Spread the love

देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 फरवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 27 और 28 फरवरी को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं, जिससे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।
कुमाऊं मंडल का हाल
नैनीताल जिले के पर्वतीय क्षेत्रों जैसे मुक्तेश्वर, रामगढ़ और नैनीताल शहर में हल्के बादल छाने और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, हालांकि मैदानी क्षेत्र हल्द्वानी में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
हल्द्वानी में फिलहाल दिन में तेज धूप और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आगामी दो दिनों तक यहां मौसम साफ रहने के आसार हैं, जबकि 27-28 फरवरी को आंशिक बादल छा सकते हैं। बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है।
ऊधम सिंह नगर जिले में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रुद्रपुर, काशीपुर और बाजपुर क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी और तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है। फिलहाल यहां बारिश का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
आगे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 मार्च को प्रदेशभर में फिर से मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 3 मार्च को एक बार फिर पर्वतीय इलाकों में मौसम बिगड़ने के संकेत हैं।
तापमान में बढ़ोतरी
बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। मैदानी क्षेत्रों में चटक धूप के कारण दिन में गर्मी का एहसास हुआ। देहरादून में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हल्द्वानी और ऊधम सिंह नगर के मैदानी इलाकों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वालों को सतर्क रहने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *