सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में आई महिला, 100 मीटर तक घसीटता ले गया वाहन; मौके पर मौत, एक घायल
(ऊधम सिंह नगर)।
सितारगंज में दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिलेंडरों से भरे ट्रक की टक्कर से हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर एक बलीनगर निवासी बानो बेगम (65) पत्नी नवी शाह अपने दामाद के साथ खटीमा रोड स्थित सरकारी अस्पताल दवा लेने गई थीं। दवा लेकर दोपहर करीब 12 बजे दोनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान महाराणा प्रताप चौक से सिडकुल रोड की ओर जाते समय श्री हरि होटल के सामने तेज रफ्तार सिलेंडर लदे ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी।
पिछले टायर की चपेट में आने से मौत
सितारगंज कोतवाली के एसआई ललित चौधरी ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक महिला को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। महिला ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ड्राइवर फरार, जांच जारी
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

