महिला की गोली मारकर हत्या, अज्ञात आरोपी फरार जालीदार दरवाजे से सटाकर मारी गई गोली, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

महिला की गोली मारकर हत्या, अज्ञात आरोपी फरार
जालीदार दरवाजे से सटाकर मारी गई गोली, पुलिस जांच में जुटी

शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार,ऋषिकेश में घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच शिवाजी नगर की गली नंबर-16 में हुई। मृतका की पहचान प्रीति रावत (32) के रूप में हुई है, जो एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थी। वह मूल रूप से यमकेश्वर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है और पिछले एक वर्ष से शिवाजी नगर में किराये के कमरे में रह रही थी।

दरवाजा खोलते ही चली गोली

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान एक युवक बाइक से गली में आया और दरवाजा खटखटाया। महिला ने अंदर का लकड़ी वाला दरवाजा खोला, जबकि बाहर लगा जालीदार दरवाजा बंद था। तभी आरोपी ने जाली के पास से पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने में लगी। गोली लगते ही महिला फर्श पर गिर पड़ी।

अस्पताल में मृत घोषित

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस और एसओजी जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सीओ और एसपी ग्रामीण जया बलूनी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के साथ-साथ एसओजी की टीम भी अज्ञात हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने बताया कि 112 नंबर पर रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामला हत्या का है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

जाली तोड़कर घर में दाखिल हुई पुलिस

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद जालीदार दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस को जाली तोड़कर घर के अंदर प्रवेश करना पड़ा।

बेटे को पहले ही दी गई थी परिजनों को जिम्मेदारी

बताया गया है कि मृतका का आठ वर्षीय बेटा है, जो वर्तमान में अपने नाना-नानी के पास रहता है। महिला का तलाक हो चुका था।

पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

किरायेदार सत्यापन नहीं कराने पर मकान मालिक से पूछताछ
पुलिस ने बताया कि मकान मालिक द्वारा किरायेदार का सत्यापन नहीं कराया गया था। इस मामले में मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पटाखे जैसी आवाज से हुआ खुलासा

पड़ोसी राधेश्याम ने बताया कि उन्हें अचानक पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने देखा तो महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी थी, जिसके बाद अन्य लोगों को जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *