Spread the love

 

 कानून व्यवस्था पर सवाल- पूर्व विधायक के भतीजे की चाकू मारकर हत्या

जालंधर।
पंजाब के जालंधर शहर में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पूर्व विधायक और भाजपा नेता शीतल अंगुराल के भतीजे विकास अंगुराल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, विकास का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमलावर वारदात के बाद विकास को लहूलुहान हालत में सड़क पर फेंककर फरार हो गया। परिजन उसे तत्काल कपूरथला चौक स्थित जोशी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

नशेड़ियों ने की हत्या : शीतल अंगुराल

घटना के बाद भाजपा नेता और पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा,
“हम दिन-रात लोगों की लड़ाई लड़ते हैं, लेकिन हमारे ही परिवार के सदस्य को बेरहमी से मार दिया गया। मेरे भतीजे विकास की हत्या नशेड़ियों ने की है। आरोपी कालू ने उस पर कई बार चाकू से हमला किया।”

उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे उन्हें हमले की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर विकास खून से लथपथ पड़ा था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी।

ड्रग्स के चलते बिगड़े हालात

शीतल अंगुराल ने कहा कि जिस इलाके में यह वारदात हुई, वहां खुलेआम नशे का कारोबार चलता है।
“इस मर्डर की जड़ में ड्रग्स हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार में पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है,” उन्होंने आरोप लगाया।

परिवार ने आरोपी का नाम बताया

परिजनों ने हत्या के मुख्य आरोपी का नाम कालू बताया है। शीतल अंगुराल के अनुसार, वारदात के समय आरोपी के साथ तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *