जिला बदर के बावजूद देहरादून में घूम रहा था गुंडा एक्ट का आरोपी, पुलिस ने दबोचा

Spread the love

जिला बदर के बावजूद देहरादून में घूम रहा था गुंडा एक्ट का आरोपी, पुलिस ने दबोचा

जिला मजिस्ट्रेट के आदेश की अवहेलना करना गुंडा एक्ट के आरोपी जगवीर सिंह नेगी को महंगा पड़ गया। छह माह के लिए जिला बदर किए जाने के बावजूद वह दोबारा देहरादून की सीमा में प्रवेश कर गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जनपद भर में संदिग्ध व्यक्तियों और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 फरवरी की देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और जांच कर रही थी।
महाराणा प्रताप चौक के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। भागते समय वह चढ़ाई पर फिसलकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जगवीर सिंह नेगी निवासी बालावाला बताया।
पुलिस जांच में पुष्टि हुई कि 7 जनवरी 2026 को जिला मजिस्ट्रेट द्वारा उसे छह माह के लिए देहरादून जनपद की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। आदेश की विधिवत तामील भी कराई जा चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी रायपुर क्षेत्र में पाया गया।
जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।