नई आर.सी. व्यवस्था से ठप हुआ गौला उपखनिज कारोबार, पूर्व की भांति उपखनिज निकासी बहाल करने की मांग को लेकर डम्पर एसोसिएशन ने सीएम से की मुलाकात जल्द समाधान का दिया आश्वासन 

Spread the love

नई आर.सी. व्यवस्था से ठप हुआ गौला उपखनिज कारोबार, पूर्व की भांति उपखनिज निकासी बहाल करने की मांग को लेकर डम्पर एसोसिएशन ने सीएम से की मुलाकात जल्द समाधान का दिया आश्वासन

लालकुआँ।
गौला नदी से उपखनिज निकासी एवं परिवहन को लेकर लागू की गई नई आर.सी. आधारित व्यवस्था ने उपखनिज कारोबार को लगभग ठप कर दिया है। हालात यह हैं कि हजारों डम्पर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर खड़ी हो गई हैं, जिससे वाहन स्वामियों, चालकों और श्रमिकों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

इसी गंभीर समस्या को लेकर लालकुआँ डम्पर एसोसिएशन का एक शिष्टमंडल देहरादून पहुंचा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर शीघ्र समाधान की मांग की।

शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि नई आर.सी. व्यवस्था लागू होने के बाद उपखनिज निकासी का कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसका सीधा असर हजारों परिवारों पर पड़ा है और बड़ी संख्या में वाहन निष्क्रिय खड़े हैं।

एसोसिएशन के संरक्षक इंदर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्षों तक वन निगम के माध्यम से उपखनिज निकासी एवं परिवहन की व्यवस्था सुचारु रही, जिससे सरकार को राजस्व भी प्राप्त होता रहा। वर्तमान व्यवस्था के चलते पूरा तंत्र असंतुलित हो गया है और वाहन स्वामी गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री से पूर्व की भांति उपखनिज निकासी बहाल करने, उपखनिज निकासी का वजन किए जाने की व्यवस्था लागू करने तथा नई आर.सी. व्यवस्था की समीक्षा कर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग की, ताकि उपखनिज कारोबार पुनः गति पकड़ सके और प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से पूरे प्रकरण की जांच कर शीघ्र व्यावहारिक समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री के आश्वासन पर डम्पर एसोसिएशन ने संतोष व्यक्त करते हुए जल्द ठोस कार्रवाई की उम्मीद जताई।

शिष्टाचार भेंट के दौरान कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, यूनियन अध्यक्ष मनोज मठपाल, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र बिष्ट देबू, रविन्द्र सिंह जग्गी, हरीश भट्ट सहित कई पदाधिकारी एवं वाहन स्वामी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *