युवाओं की नसों में जहर घोलने निकला था गुलफाम, SOG और लालकुआं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से नशे के कारोबार का हुआ खुलासा, बहेड़ी के आरिफ से खरीदकर लाया था नशीले इंजेक्शन
लालकुआं। देवभूमि में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का अवैध कारोबार लगातार पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। नशे के सौदागर अब अलग-अलग शहरों से नशीले पदार्थों की खेप लाकर युवाओं तक पहुंचाने की फिराक में हैं। इसी बीच नैनीताल जिले की लालकुआं पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल से नशीले इंजेक्शनों की खेप लेकर जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी सीज कर दिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में बरेली के बहेड़ी से हल्द्वानी तक फैले नशे के नेटवर्क की कड़ी भी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बहेड़ी, बरेली निवासी आरिफ से नशीले इंजेक्शन खरीदकर लाया था। ऐसे में पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि नशे की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी हरबंश सिंह के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
23 नवंबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UK-04-AR-8254 को रोककर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से 330 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34 वर्ष) पुत्र इरशाद हुसैन, निवासी गली नंबर तीन, लाइन नंबर एक, आजाद नगर, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद इंजेक्शनों को कब्जे में लेकर तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सीज कर दी गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल गणेश गिरी, चालक कांस्टेबल खीम सिंह, SOG कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।



