चुनावी भ्रामक सूचनाओं पर प्रहार – चुनाव आयोग ने लॉन्च किया ‘ईसीआईनेट’ 40 से अधिक एप

Spread the love

चुनावी भ्रामक सूचनाओं पर प्रहार – चुनाव आयोग ने लॉन्च किया ‘ईसीआईनेट’ एप

निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की दिशा में चुनाव आयोग ने ‘ईसीआईनेट (ECINet)’ नामक एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। यह एप चुनाव से जुड़ी भ्रामक और गलत सूचनाओं पर रोक लगाने के साथ-साथ सभी चुनावी सेवाओं के लिए एकल मंच के रूप में कार्य करेगा।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि ईसीआईनेट को गलत सूचनाओं के प्रसार से निपटने के लिए एक प्रभावी उपकरण के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत मंडपम में आयोजित लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कई देशों ने चुनावों में फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं को लेकर चिंता जताई थी।
एक प्लेटफॉर्म पर 40 से अधिक एप
ईसीआईनेट के जरिए चुनाव आयोग के 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशन को एकीकृत किया गया है। इनमें वोटर हेल्पलाइन, वोटर टर्नआउट, सी-विजिल, सुविधा, सक्षम और केवाईसी एप जैसे प्रमुख एप शामिल हैं। अब मतदाता और चुनाव से जुड़े अधिकारी सभी सेवाओं का उपयोग एक ही प्लेटफॉर्म से कर सकेंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार, इन एप्लिकेशनों को अब तक 5.5 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है और इनके माध्यम से 150 करोड़ से अधिक दस्तावेजों का डिजिटलीकरण हो चुका है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना
सीईसी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि ईसीआईनेट को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला है। आयोग ने अन्य देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार इस प्लेटफॉर्म को डिजाइन कर उपलब्ध कराने की पेशकश भी की है।
ईसीआईनेट के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को तकनीकी रूप से अधिक मजबूत, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में चुनाव आयोग ने एक बड़ा कदम उठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *