हल्द्वानी रेलवे ट्रैक चार घंटे बंद, चूहों से खोखले ट्रैक ने बढ़ाई मुश्किलें; वंदे भारत-शताब्दी समेत 11 ट्रेनें प्रभावित
हल्द्वानी। ऐथल के पास डासनी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के नीचे चूहों द्वारा खोखला किए जाने का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा कारणों से सोमवार को रेलवे प्रशासन ने ट्रैक पर डीप स्क्रीनिंग कराई। इस दौरान मरम्मतीकरण के साथ-साथ ट्रैक की गिट्टी बदली गई, जिसमें करीब चार घंटे का समय लगा।
ट्रैक मरम्मत के चलते देहरादून से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस सहित करीब 11 ट्रेनें प्रभावित रहीं। चार घंटे तक ट्रैक बंद रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक के नीचे चूहों ने सुरंगनुमा खोखलापन बना दिया था, जिससे ट्रैक की मजबूती पर खतरा पैदा हो गया था। इसी आशंका को देखते हुए रेलवे ने तत्काल ट्रैफिक रोककर गहन जांच और मरम्मत कार्य शुरू किया।
मरम्मत कार्य के कारण देहरादून से आनंद विहार जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 2 घंटे 38 मिनट, जबकि नई दिल्ली से देहरादून आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस 1 घंटा 40 मिनट की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची। इसके अलावा रूट की अन्य ट्रेनें भी विलंबित रहीं।
रेलवे द्वारा मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रैक को पुनः चालू कर दिया गया।

