82 करोड़ का साइबर ठगी नेटवर्क बेनकाब, तीन गिरफ्तार
देशभर में दर्ज 352 शिकायतों से जुड़े 82 करोड़ रुपये के बड़े साइबर फ्रॉड मामले में कर्नाटक पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले का मुख्य आरोपी 43 वर्षीय जगदीश सी है, जिस पर कमीशन का लालच देकर बैंक खाते खुलवाने और उन खातों के जरिए अवैध लेन-देन कराने का आरोप है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक व्यक्ति को झांसे में लेकर उसका बैंक खाता खुलवाया और बाद में उसी खाते के माध्यम से साइबर ठगी से प्राप्त रकम का ट्रांजेक्शन किया। यह खाता ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने और निकालने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों की पहचान अर्शद (39) और अनंत टी (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 बैंक खातों को फ्रीज किया है, जिनमें से 14.71 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 मोबाइल फोन, 11 एटीएम कार्ड, 9 क्यूआर कोड स्कैनर और 15 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक ये सभी सामान साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में इस्तेमाल हो रहे थे।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश और ठगी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाता न खुलवाएं और लालच में आकर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल या नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें।

