राशन कार्ड सत्यापन में बड़ा खेल उजागर – दो दिन में 40 अपात्र बेनकाब, 371 कार्डों की जांच में 32 और फंसे

Spread the love

राशन कार्ड सत्यापन में बड़ा खेल उजागर: दो दिन में 40 अपात्र बेनकाब, 371 कार्डों की जांच में 32 और फंसे

लालकुआं। लालकुआं- बिंदुखत्ता क्षेत्र में राशन कार्ड सत्यापन अभियान ने खाद्य सुरक्षा योजना और पीले कार्ड (राज्य खाद्य सुरक्षा योजना) में वर्षों से चल रहे फर्जीवाड़े और अपात्र लाभार्थियों की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। प्रशासन की घर-घर जांच में ऐसे परिवार भी सरकारी राशन लेते मिले, जिनके सदस्य निजी कंपनियों, फैक्ट्रियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े हैं तथा उनकी आय निर्धारित सीमा से कहीं अधिक है। अभियान के दूसरे दिन 371 राशन कार्डों की जांच में 32 सफेद राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए, जबकि 1 जून से शुरू हुए दो दिवसीय अभियान में अब तक 501 कार्डों का सत्यापन कर 40 अपात्र कार्डधारकों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर चल रही जांच के दौरान मंगलवार को बंगाली कॉलोनी और शास्त्री नगर क्षेत्र में घर-घर सत्यापन किया गया। बंगाली कॉलोनी में 317 और शास्त्री नगर में 54 राशन कार्डों की जांच हुई। इनमें बंगाली कॉलोनी के 20 तथा शास्त्री नगर के 12 सफेद राशन कार्डधारक पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरे।

जांच के दौरान सामने आया कि कई लाभार्थियों के परिवारों के सदस्य सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल, निजी कंपनियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य आय स्रोतों से जुड़े हैं। इसके बावजूद वे खाद्य सुरक्षा योजना के तहत सरकारी राशन का लाभ उठा रहे थे। शुरुआती दो दिनों की कार्रवाई में ही बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों के सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि अभियान आगे बढ़ने के साथ अपात्र कार्डधारकों की संख्या और बढ़ सकती है।

बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्तमान में 9,645 सफेद, 211 अंत्योदय तथा 5,439 पीले राशन कार्ड संचालित हैं। प्रशासन सभी कार्डों का चरणबद्ध सत्यापन कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपात्र लोगों द्वारा सरकारी राशन लेने से वास्तविक गरीब और जरूरतमंद परिवारों का हक प्रभावित हो रहा है, इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

बॉक्स

खुद कार्ड जमा करें, वरना होगी कार्रवाई

क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि राशन विक्रेताओं से मिली सूचना के अनुसार कई ऐसे परिवार, जो अब राशन कार्ड की पात्रता से बाहर हो चुके हैं, स्वयं अपने सफेद एवं पीले राशन कार्ड जमा करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की आय निर्धारित मानकों से अधिक हो चुकी है, वे स्वेच्छा से अपने कार्ड जमा कर दें। सत्यापन में अपात्र पाए जाने पर कार्ड निरस्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

एक माह तक चलेगा अभियान

उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि सत्यापन अभियान एक माह तक चलेगा। इसके लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। अपात्र पाए जाने वाले राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे तथा पूरी रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।

फोटो परिचय : बिंदुखत्ता क्षेत्र में घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन करती प्रशासनिक टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *