जंगल में लकड़ी लेने गई महिला पर भालू का हमला, गंभीर घायल
पौड़ी गढ़वाल।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के विकासखंड पोखड़ा के संगलाकोटी क्षेत्र में भालू के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान 35 वर्षीय रजनी देवी के रूप में हुई है।
घटना शनिवार शाम करीब 3:30 बजे की है। रजनी देवी अपनी दो अन्य महिला साथियों के साथ संगलाकोटी बाजार से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
रजनी देवी के साथ मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत पोखड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र में रजनी देवी का उपचार जारी है। घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। क्षेत्र में भालू की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

