बड़ी खबर – घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, पति ने चाकू से गोदकर पत्नी की हत्या
पिथौरागढ़ जिले के जाखनी क्षेत्र में शनिवार तड़के घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश राम लावड़, मूल निवासी कानड़ी गांव (मूनाकोट ब्लॉक) है और वर्तमान में जाखनी क्षेत्र में किराये के मकान में परिवार के साथ रह रहा था। शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक हो गई। विवाद के दौरान राजेश ने पत्नी नीलम (30 वर्ष) पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
बताया गया है कि आरोपी महाराष्ट्र में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था और एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर घर लौटा था। पड़ोसियों के अनुसार, दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

