मां की गोद से छीन ले गया गुलदार! रुद्रप्रयाग में दरिंदगी, पांच साल का मासूम लापता—गांव में पसरा मातम
रुद्रप्रयाग जनपद की न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिन्द्रवाणी गांव में मंगलवार शाम एक रूह कंपा देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घर के आंगन में मां के साथ खेल रहा पांच वर्षीय मासूम दक्ष गुलदार का शिकार बन गया। पलक झपकते ही गुलदार बच्चे को मां की गोद से छीनकर जंगल की ओर ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब पांच बजे की है। दक्ष, पुत्र हेमंत सिंह, अपनी मां के साथ घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला किया। मां कुछ समझ पाती, उससे पहले ही गुलदार मासूम को मुंह में दबाकर जंगल में ओझल हो गया। बच्चे की मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक गुलदार आंखों से ओझल हो चुका था।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत, आक्रोश और मातम का माहौल है। महिलाएं और बच्चे सदमे में हैं, जबकि ग्रामीण टॉर्च और लाठियों के साथ जंगल की ओर सर्च अभियान में जुटे हैं।
सूचना मिलते ही प्रशासन और वन विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि वन्यजीवों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है और अब हालात पूरी तरह बेकाबू होते जा रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने वन विभाग से तत्काल गुलदार को पकड़ने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गांव की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल मासूम की तलाश जारी है। पूरा गांव भय और अनिश्चितता के साए में जी रहा है और प्रशासन से त्वरित व निर्णायक कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठा है।

