बिंदुखत्ता राजस्व गांव मुद्दा – 18 फरवरी की रैली तय, अधिसूचना आई तो बनेगी आभार रैली – मामला निर्णायक मोड़ पर
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव घोषित किए जाने की मांग को लेकर संघर्ष समिति ने 18 फरवरी को प्रस्तावित रैली कार्यक्रम को पूर्ववत रखने का निर्णय लिया है। संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि यदि 18 फरवरी से पहले शासन स्तर से राजस्व गांव से संबंधित अधिसूचना जारी होती है, तो प्रस्तावित रैली को आभार रैली के रूप में आयोजित किया जाएगा।
यह निर्णय संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य संयोजक इंदर सिंह पनेरी ने की। बैठक में भाजपा प्रदेश युवा महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के सहयोग और प्रयासों के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बिंदुखत्ता के नागरिक वर्षों से राजस्व गांव की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और अब यह मामला निर्णायक मोड़ पर है। सभी संगठनों ने एकजुट होकर आंदोलन को मजबूती देने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से वन अधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, बसंत पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पुष्कर सिंह दानू, भुवन जोशी, भरत नेगी, दीपक जोशी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

