नशे में धुत ट्रक चालक का शहर में तांडव – ऑटो, कार समेत कई वाहनों को मारी टक्कर, मचा हड़कंप
लालकुआं में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब खनन सामग्री से लदा एक बेकाबू ट्रक शहर की सड़कों पर कहर बनकर दौड़ पड़ा और एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक नशे की हालत में था और ट्रक पर उसका नियंत्रण लगभग समाप्त हो चुका था।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:30 बजे हल्द्वानी की ओर से आ रहा 10 टायरा ट्रक (यूपी 26 टी-7603) अवंतिका कुंज देवी मंदिर के सामने पहुंचा ही था कि उसने आगे चल रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार बजरी कंपनी निवासी देवकीनंदन पंत मामूली रूप से घायल हो गए। इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका और फ्लाइओवर पर एक स्कॉर्पियो कार को टक्कर मार दी, जिससे कार का टायर फट गया।
बेकाबू ट्रक ने आगे बढ़ते हुए मारुति इग्निस, हाट बाजार के सामने खड़ी टाटा नेक्सों और एक बुलेट बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लगातार हो रही टक्करों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रक को रुकवाया और चालक को नीचे उतार लिया। सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को सीज कर दिया। हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया, जिसे करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद खुलवाया जा सका।
यह घटना एक बार फिर नशे में वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

