लालकुआँ में प्रेस वार्ता – वीवी राम जी विकसित भारत ग्राम रोजगार योजना मनरेगा से अधिक पारदर्शी व प्रभावी — डॉ. मोहन सिंह बिष्ट
लालकुआँ में आयोजित प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने मंडल महामंत्री डॉ. राजकुमार सेतिया के आवास पर केंद्र सरकार की वीवीजी राम (अब विकसित भारत ग्राम रोजगार योजना) को लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि यह योजना हर दृष्टि से मनरेगा के मुकाबले अधिक पारदर्शी, प्रभावी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाली है।
विधायक डॉ. बिष्ट ने कहा कि मनरेगा में बड़े बजट के बावजूद समय-समय पर फर्जीवाड़े की शिकायतें सामने आती रही हैं, जबकि विकसित भारत ग्राम रोजगार योजना में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। योजना के अंतर्गत अब न्यूनतम 100 दिनों के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। साथ ही, यदि मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं होता है तो पेनल्टी का प्रावधान भी रखा गया है।
मनरेगा बजट और फर्जीवाड़े के आंकड़े किए उजागर
डॉ. बिष्ट ने बजट का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2006 से 2014 तक मनरेगा का कुल बजट लगभग 2 लाख करोड़ रुपये था। इसके बाद यह बढ़कर 8 लाख 48 हजार करोड़ रुपये हुआ और वर्तमान में यह 10 लाख 98 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इस दौरान देशभर में करीब 11 लाख फर्जी मामलों को चिन्हित किया गया है।
पंचायतों को मिले अधिक अधिकार
विधायक ने बताया कि अब पंचायतों को यह अधिकार दिया गया है कि वे अपनी पंचायत की आवश्यकताओं के अनुसार कार्यों का चयन स्वयं करें। प्राकृतिक जल संरक्षण, स्थानीय जरूरतों और क्षेत्र विशेष की मांग के अनुरूप योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पंचायतों के हिस्से में आने वाली राशि को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके अलावा, फसल के पीक समय में मनरेगा के तहत कार्य नहीं कराए जाएंगे, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों।
जन्मदिवस पर केक काटकर दी शुभकामनाएं
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती और विनोद श्रीवास्तव के जन्मदिवस पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
उपस्थित कार्यकर्ता
प्रेस वार्ता में मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, नवीन पपोला, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, विधायक प्रतिनिधि गोविन्द राणा, बॉबी संभल, हरीश नैनवाल, सचिन अग्रवाल, अरुण बाल्मीकि, विनोद श्रीवास्तव, अभिषेक, नारायण सिंह बिष्ट, पंकज सिंह, अशोक पाठक, ओमपाल कश्यप सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

