हल्दूचौड़ में जनधैर्य टूटा- हाईवे, गोवंश और नशे पर फोकस – समस्याओं से निजात पाने के लिऐ बैठक में एकजुट
हल्दूचौड़।
क्षेत्र की वर्षों पुरानी और लगातार गंभीर होती जा रही जनसमस्याओं को लेकर हल्दूचौड़ स्थित मथुरा पैलेस में एक वृहद सार्वजनिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
बैठक का मुख्य फोकस राष्ट्रीय राजमार्ग की अव्यवस्थाएं, आवारा गोवंश की समस्या तथा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशा कारोबार पर रहा। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि इन समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी बड़े और संगठित जन आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही क्षेत्रीय विधायक एवं सांसद से मुलाकात कर एक संयुक्त उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कराई जाएगी। इस बैठक में नेशनल हाईवे प्राधिकरण, पशुपालन विभाग, पुलिस प्रशासन, गौशाला संचालक, चुने हुए जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं आम नागरिक शामिल होंगे।
वक्ताओं ने बताया कि संयुक्त बैठक के माध्यम से तीनों प्रमुख समस्याओं के समाधान हेतु एक माह की स्पष्ट समय-सीमा तय की जाएगी। यदि तय अवधि में कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता, तो क्षेत्र में व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंदोलन को संगठित रूप देने के लिए “क्षेत्रीय जनसमस्या निवारण संघर्ष समिति, लालकुआं” के गठन का निर्णय भी लिया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने जानकारी दी कि आंदोलन के प्रथम चरण में क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह बिष्ट से मुलाकात कर उनकी मौजूदगी में बड़ी संयुक्त बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी है। विधायक द्वारा इस विषय में सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र बैठक कराने का आश्वासन दिया गया है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने अवैध नशे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि नशे का जाल युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहा है। उन्होंने वर्षों से लंबित मामलों में प्रभावी कार्रवाई, नशा कारोबार से जुड़े लोगों की संपत्तियों की जांच और अवैध भूमि हस्तांतरण पर रोक लगाने की मांग की।
देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे आवारा गोवंश के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने गौशालाओं को संसाधन और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की।
युवा नेता सचिन फुलारा ने कहा कि छात्रों और युवाओं में नशे की बढ़ती लत समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उन्होंने शिक्षा संस्थानों और अभिभावकों को भी इस अभियान से जोड़ने की आवश्यकता बताई।
ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने खतरनाक और अवैज्ञानिक कटों को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए सभी कटों का तकनीकी सर्वे कर मानकों के अनुरूप सुधार या बंद करने की मांग उठाई।
बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनहित और क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा संघर्ष है। सभी वर्गों ने एकजुट होकर आंदोलन का संकल्प लिया।
बैठक का संचालन युवा समाजसेवी पीयूष जोशी ने किया।
बैठक में प्रमुख रूप से
ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी, भाजपा नेता व पूर्व सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला दुर्गापाल, राजेंद्र दुर्गापाल, देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट, राज्य आंदोलनकारी शंकर जोशी, डॉ. बालम बिष्ट (एडवोकेट), भास्कर भट्ट, ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी, पूजा बिष्ट, रमेश जोशी, राधा, कैलाश भट्ट, कीर्ति दुम्का, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, योगेश पहाड़ी, महेश जोशी, कैलाश चंद्र बमेटा, कैलाश तिवारी, बची सिंह रावत, हिमांशु धामी, मनोज कांडपाल, कौस्तुभ चंदोला, उमेद सिंह चौहान, सचिन फुलारा, कौस्तुभानंद शर्मा, नीरज शर्मा, मोहन चंद्र भट्ट, हिमांशु कबड़वाल, हरेंद्र असगोला, योगेश कपिल, मथुरा दत्त कोटिया, सुमित कार्की, मुकुल तिवारी, शंकर आर्य, मोहनी मेहता, कमल जोशी, अमर सिंह, रिंकू पाठक सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

