छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष-कोषाध्यक्ष पद पर जीत का परचम, खुशी मेहता ने पिता गोविंद सिंह मेहता का बढ़ाया गौरव
हल्दूचौड़। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अध्यक्ष पद पर हिमांशु पांडे और कोषाध्यक्ष पद पर खुशी मेहता ने जीत दर्ज कर छात्रसंघ में अपना परचम लहराया।
बीएससी पांचवें सेमेस्टर की छात्रा खुशी मेहता पहली बार छात्रसंघ चुनाव के मैदान में उतरी थीं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं के बीच व्यापक जनसंपर्क करते हुए अपने पक्ष में मतदान की अपील की थी। परिणाम आने के बाद समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया।
खुशी मेहता की जीत उनके परिवार के लिए भी गौरव का क्षण रही। उनके पिता गोविंद सिंह मेहता नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। बेटी की जीत से परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल है। छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज कर खुशी मेहता ने अपने पिता गोविंद सिंह मेहता का गौरव बढ़ाया है।
चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष हिमांशु पांडे और कोषाध्यक्ष खुशी मेहता ने छात्र-छात्राओं का आभार जताते हुए उनके विश्वास पर खरा उतरने की बात कही। समर्थकों ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
