रेलवे फाटक 33/सी पर ट्रैक पैकिंग कार्य, 17 से 21 जनवरी तक रहेगा यातायात बंद
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल द्वारा काशीपुर–अलीगंज से बांसखेड़ा मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 33/सी पर ट्रैक पैकिंग का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 17 जनवरी से 21 जनवरी के बीच किया जाना है, जिसके चलते निर्धारित समयावधि में सड़क यातायात बंद रहेगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर अखिलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 व 18 जनवरी को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक, जबकि 19 से 21 जनवरी तक प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक उक्त मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु सीओ काशीपुर सहित संबंधित विभागों को सूचना दे दी गई है। आमजन से अपील की गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

