बड़ी खबर -हल्द्वानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 24 घंटे में बुजुर्ग महिला का चोरी हुआ बक्सा नगदी व जेवरात समेत बरामद, 63 लाख रुपये की 207 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

हल्द्वानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 24 घंटे में बुजुर्ग महिला का चोरी हुआ बक्सा नगदी व जेवरात समेत बरामद, 63 लाख रुपये की 207 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी।
शहर में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जहां 24 घंटे के भीतर बुजुर्ग महिला के घर से चोरी हुआ बक्सा नगदी व जेवरात समेत बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं स्मैक तस्करी के मामले में 63 लाख रुपये कीमत की 207 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोच लिया।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि बदरीपुरा क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई थी। आरोपी सोमेश्वर निवासी वीरेंद्र बिष्ट किराए पर मकान लेने के बहाने घर में दाखिल हुआ और घर में अकेली बुजुर्ग महिला के भोलेपन का फायदा उठाकर जेवरात और नगदी से भरा बक्सा चोरी कर फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।
स्मैक तस्करी पर पुलिस का प्रहार
वहीं नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 207 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 63 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में एक उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और दूसरा हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र का निवासी है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
अपराध और नशे के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने दोनों मामलों में शामिल पुलिस टीमों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *