उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2025-26 की तैयारियां शुरू, 15 फरवरी तक होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं जबकि लिखित परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च तक
रामनगर। शिक्षा सत्र 2025-26 के तहत उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं, जो 15 फरवरी तक संपन्न कराई जाएंगी।
बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 2,16,121 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 1,12,679 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल और 1,03,442 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट के हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में कुल 156 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 156 संवेदनशील और 6 अतिसंवेदनशील केंद्र शामिल हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी, जबकि लिखित परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक कराई जाएंगी।
बोर्ड सचिव ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

