रामनगर में बाघ का आतंक -सड़क से गुजर रहे व्यक्ति को बनाया शिकार, जंगल में मिला अधखाया शव
रामनगर वन प्रभाग के बेला बीट क्षेत्र में बाघ के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे नया बायपास पुल के पास शनिवार देर शाम बाघ ने सड़क से गुजर रहे व्यक्ति पर हमला कर उसे जंगल में घसीट लिया।
रविवार सुबह वन विभाग की टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल के भीतर करीब दो किलोमीटर अंदर युवक का क्षत-विक्षत और अधखाया शव बरामद किया। शव का केवल सिर ही शेष बचा था। अंधेरा होने के कारण शनिवार रात रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया था।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला के अनुसार मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिया गया है। बीते एक महीने में बाघ के हमलों में यह चौथी मौत है, जिससे क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में आक्रोश है। वन विभाग ने लोगों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी जारी की है।

