भवनकर वृद्धि से जुड़ी 50 से अधिक शिकायतों का निस्तारण, नगरवासियों को मिली राहत
लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने शनिवार को नगरवासियों की जनसमस्याओं एवं भवनकर वृद्धि से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आवेदकों की समस्याओं और आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए 50 से अधिक आवेदनों का निस्तारण किया, जिससे नगरवासियों को राहत मिली।
सुनवाई के दौरान अध्यक्ष ने भवनकर से जुड़े मामलों पर नगरहित और नगर पंचायत की आय को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का उचित समाधान करना तथा नगर के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की आय में वृद्धि होने से स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सफाई सहित अन्य विकास कार्यों को गति मिलती है। वहीं, नगरवासियों की समस्याओं और आपत्तियों का निष्पक्षता से समाधान करना भी आवश्यक है, ताकि नगर के विकास के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
