एयरफोर्स का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट तालाब में क्रैश, दोनों पायलट सुरक्षित
प्रयागराज। बुधवार दोपहर प्रयागराज में वायुसेना का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा शहर के बीचों-बीच केपी कॉलेज के पीछे स्थित एक तालाब में हुआ। राहत की बात यह रही कि 2-सीटर एयरक्राफ्ट में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान अचानक डगमगाने लगा, जिसके बाद दोनों पायलट पैराशूट के जरिए बाहर कूद गए। कुछ ही क्षणों बाद विमान तालाब में गिर गया।
बताया गया कि दोनों पायलट तालाब में गिरने के बाद दलदल में फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों पायलट वर्दी में थे और उन्हें प्राथमिक सहायता दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना का एक हेलिकॉप्टर मौके पर पहुंच गया। हालांकि जिस तालाब में विमान गिरा है, वहां चारों ओर जलकुंभी फैली होने के कारण एयरक्राफ्ट तक तुरंत पहुंचना संभव नहीं हो पाया। फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।
हादसा स्थल के आसपास स्कूल और रिहायशी कॉलोनियां हैं, जबकि माघ मेले का क्षेत्र यहां से लगभग तीन किलोमीटर दूर है। फिलहाल वायुसेना की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

