साइबर ठगों का कहर,  युवक का मोबाईल फोन हैक कर 1.5 लाख की ठगी

Spread the love

साइबर ठगों का कहर,  युवक का मोबाईल फोन हैक कर 1.5 लाख की ठगी

देहरादून  पटेलनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उसका मोबाइल फोन हैक कर 1.5 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह अधिकारी के अनुसार यह घटना सितंबर 2025 की है। पीड़ित युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से एपीके फाइल भेजी गई थी। जैसे ही उसने फाइल पर क्लिक किया, ठगों ने उसके फोन का पूरा कंट्रोल हासिल कर लिया।
इसके बाद साइबर अपराधियों ने युवक के क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए बिना अनुमति ऑनलाइन खरीदारी कर डाली। ठगी का खुलासा तब हुआ जब युवक के मोबाइल पर लेन-देन से जुड़े मैसेज आने लगे, जिससे वह सकते में आ गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला साइबर ठगी से जुड़ा बेहद गंभीर अपराध है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है, जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।