टी20 विश्व कप 2026 से पहले इंग्लैंड क्रिकेट में बड़ा फेरबदल, सेलेक्टर ल्यूक राइट ने दिया इस्तीफा
टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के बीच इंग्लैंड क्रिकेट से एक बड़ी खबर सामने आई है। इंग्लैंड मेंस टीम के सेलेक्टर ल्यूक राइट ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। हालांकि वह आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के समापन तक अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे और उसके बाद पद छोड़ देंगे।
राइट के इस फैसले ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। माना जा रहा है कि एशेज सीरीज 2025-26 में इंग्लैंड को मिली 4-1 की करारी हार के बाद वह काफी आहत थे और इसी के चलते उन्होंने यह बड़ा निर्णय लिया। टीम के खराब प्रदर्शन की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने सेलेक्टर पद छोड़ने का मन बनाया।
पूर्व स्टार ऑलराउंडर ल्यूक राइट ने संन्यास के बाद महज 36 वर्ष की उम्र में इंग्लैंड टीम के सेलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में इंग्लैंड ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में कई प्रयोग किए।
गौरतलब है कि टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगा। इस मेगा टूर्नामेंट में 20 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी, जबकि भारत मौजूदा डिफेंडिंग चैंपियन है।

