रानीबाग कलसिया नाले पर बने वैलीब्रिज की भार क्षमता बढ़ेगी, जल्द बनेगा नया अधिक क्षमता वाला वैलीब्रिज निर्माण की कवायद शुरू, यातायात व्यवस्था को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक

Spread the love

रानीबाग कलसिया नाले पर बने वैलीब्रिज की भार क्षमता बढ़ेगी, जल्द बनेगा नया अधिक क्षमता वाला वैलीब्रिज
निर्माण की कवायद शुरू, यातायात व्यवस्था को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
हल्द्वा नीं
हल्द्वानी–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत रानीबाग स्थित कलसिया नाले पर वर्तमान में बने वैली ब्रिज के स्थान पर अधिक भार क्षमता वाले नए वैली मोटर ब्रिज का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। प्रस्तावित पुल निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग एवं यातायात व्यवस्था को लेकर हल्द्वानी कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग कुमाऊं के पहाड़ी जिलों को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है, जिस पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में 32 टन भार क्षमता वाले वैली ब्रिज के स्थान पर अधिक भार क्षमता का नया वैली ब्रिज बनाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण के दौरान यातायात संचालन हेतु वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को शुक्रवार को संयुक्त निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता ने अवगत कराया कि नए वैली ब्रिज के निर्माण के लिए लगभग तीन माह की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। वैकल्पिक मार्ग तैयार होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इस दौरान पुल निर्माण अवधि में यातायात प्रबंधन, सुरक्षा उपायों एवं आमजन को होने वाली असुविधाओं को न्यूनतम रखने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *