उत्तराखंड में बारिश–बर्फबारी का दौर जारी, 8 जिलों में स्कूलों की छुट्टी ,चकराता और औली में दो फीट तक जमी बर्फ, केदारनाथ–बद्रीनाथ में 48 घंटे से हिमपात,ह रिद्वार में देर शाम ओलावृष्टि _आज के मौसम का हाल देखे खबर में
देहरादून।
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। रुद्रप्रयाग और चमोली में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। कई क्षेत्रों में गरज के साथ तेज बौछारें पड़ने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई है।
राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और देहरादून जनपदों के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में बीते 48 घंटों से लगातार हिमपात जारी है। वहीं चकराता और औली में सबसे अधिक बर्फबारी दर्ज की गई है, जहां करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है।
इधर हरिद्वार में देर शाम ओलावृष्टि हुई, जबकि देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड में इजाफा हो गया है।
खराब मौसम के चलते 8 जिलों में स्कूल बंद
मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पौड़ी, टिहरी, ऊधम सिंह नगर, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
पर्वतीय जिलों में ठंड का प्रकोप बढ़ा
उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना बनी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
देहरादून में गरज के साथ बारिश
देहरादून में मंगलवार दोपहर से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बुधवार सुबह तेज गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
न्यूनतम तापमान: लगभग 7°C
अधिकतम तापमान: 20°C तक रहने का अनुमान
प्रमुख शहरों का तापमान (°C)
देहरादून: 22.6 / 10.5
पंतनगर: 21.2 / 4.8
मुक्तेश्वर: 14.1 / 5.8
टिहरी: 13.9 / 6.0
अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
29 जनवरी: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश/बर्फबारी, 2800 मीटर से ऊपर हल्का हिमपात।
30 जनवरी: इन्हीं जिलों में मौसम समान रहने की संभावना।
31 जनवरी: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश/बर्फबारी के आसार।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में यह मौसमी गतिविधि 2 फरवरी तक बनी रह सकती है।

