नैनीताल बर्फ में फिसली कार, पर्यटक खाई में गिरा एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी, मार्ग पर पर्यटकों की आवाजाही रुकी

Spread the love

नैनीताल बर्फ में फिसली कार, पर्यटक खाई में गिरा
एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी, मार्ग पर पर्यटकों की आवाजाही रुकी

नैनीताल–पंगोट मार्ग पर बर्फबारी का लुत्फ उठाने पहुंचे रामपुर के एक पर्यटक की कार बर्फ में फिसलकर करीब 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पर्यटक को मामूली चोटें आई हैं। फिसलन को देखते हुए पुलिस ने मार्ग पर पर्यटक व दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार गंजथाना, रामपुर निवासी उमर शम्सी बुधवार सुबह अपने दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। होटल में ठहरने के बाद वह अपनी कार से पंगोट–किलबरी रोड की ओर बर्फ देखने निकल पड़े। इसी दौरान सड़क पर जमी बर्फ के कारण कार अनियंत्रित होकर फिसल गई और खाई में जा गिरी।
गनीमत रही कि हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उमर शम्सी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद उन्होंने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहीं होटल में ठहरे उनके दोस्त भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। कोतवाल हेम पंत ने बताया कि पर्यटक को मामूली चोटें आई हैं। क्रेन की सहायता से वाहन को खाई से बाहर निकाला गया। मार्ग पर अत्यधिक फिसलन को देखते हुए पर्यटकों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *