बड़ी खबर – विंग्स इंडिया-2026 में उत्तराखंड को राष्ट्रीय सम्मान व पहचान
एविएशन इको सिस्टम को सशक्त करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन
हैदराबाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी विंग्स इंडिया-2026 में उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट प्रमोशन ऑफ एविएशन इको सिस्टम” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के साथ एविएशन क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों, प्रभावी नीति समर्थन तथा विमानन पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रदान किया गया। हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू एवं मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने उत्तराखंड को यह सम्मान प्रदान किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड नागरिक उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे, यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय सिंह टोलिया और हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को राज्य की समग्र विमानन नीति और बेहतर प्रशासनिक समन्वय का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हेली सेवाओं का विस्तार, उड़ान योजना का प्रभावी क्रियान्वयन तथा आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास से उत्तराखंड तेजी से एक उभरते विमानन हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।




