अमृत स्टेशन योजना से उत्तराखंड के रेलवे ढांचे को 147 करोड़ की लागत से मिलेगी नई रफ्तार – चौहान
केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड के रेलवे ढांचे को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में तेज़ी से कार्य किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, जिस पर लगभग 147 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और तेज़ कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड में वर्तमान में वंदे भारत एक्सप्रेस की 3 जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की 1 जोड़ी ट्रेन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इन आधुनिक ट्रेनों से राज्य के प्रमुख शहर देश के बड़े रेल नेटवर्क से और अधिक मजबूती से जुड़ रहे हैं।
रेलवे अवसंरचना के क्षेत्र में उत्तराखंड ने बीते वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। वर्ष 2014 से अब तक 76 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण किया गया है, जबकि 334 किलोमीटर रेल लाइन का विद्युतीकरण कर राज्य को 100 प्रतिशत विद्युतीकृत बना दिया गया है। इसके साथ ही यातायात की सुगमता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 106 फ्लाईओवर और अंडरपास भी तैयार किए गए हैं।
आंकड़ों के अनुसार 2009–14 के दौरान उत्तराखंड के लिए रेलवे का औसत वार्षिक बजट 187 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026–27 में बढ़कर 4,769 करोड़ रुपये हो गया है। यह बजट में लगभग 26 गुना वृद्धि को दर्शाता है। वर्तमान में राज्य में 39,491 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे विकास से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर कार्य प्रगति पर है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे स्टेशनों में आधुनिक वेटिंग एरिया, वाई-फाई सुविधा, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, दिव्यांग-अनुकूल ढांचा और अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन स्टेशनों को सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की भी योजना है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस संबंध में इज्जतनगर मंडल के अधिकारी के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना उत्तराखंड के लिए एक परिवर्तनकारी पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल स्टेशनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक ठोस कदम है। पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का सुदृढ़ीकरण पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को नई गति देगा। इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों पर सभी कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।”
रेलवे अवसंरचना का यह सशक्तिकरण उत्तराखंड के आर्थिक, पर्यटन और सामरिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। आधुनिक स्टेशन, तेज़ रफ्तार ट्रेन सेवाएं और पूर्ण विद्युतीकरण आने वाले वर्षों में आम जनता, व्यापार और पर्यटन को सीधा लाभ पहुंचाएंगे।

